बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिसवाले की पिटाई, लोग बने रहे तमाशबीन

अगर वर्दीवाला सुरक्षित नहीं हो तो भला आम नागरिक सुरक्षित कैसे रह सकता है। दरअसल ये सवाल इसलिए उठ रहा है क्योंकि मुजफ्फरपुर की सड़क पर जो कुछ हुआ वो बिहार पुलिस के इकबाल पर सवाल खड़ा करता है। सरेराह एक शख्स ने बिहार पुलिस के एक सिपाही को जमकर पीटा। पुलिसवाले की पिटाई होती रही और लोग तमाशबीन बने रहे। सड़क पर मौजूदा लोगों के लिए पुलिसवाले की पिटाई किसी तमाशे की तरह था।

पेश से आटोरिक्शा ड्राइवर और उसका साथी पुलिसवाले को पिटाई करता रहा। आरोपी के हाथ में जितनी शक्ति थी और दिमाग में जितना गुस्सा था उसका शिकार वो पुलिस वाला बन गया। अब सवाल ये है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि पुलिस वाला बुरी तरह पिट गया। बताया जा रहा है कि आरोपियों के खिलाफ वो सर्च वारंट लेकर पहुंचा था। लेकिन आरोपियों को ये सबकुछ नागवार लगा।

बिहार पुलिस का इस संबंध में कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की वर्दी को जिस तरह निशाना बनाया गया वो अक्षम्य है। इस घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ये बात अलग है कि इलाके के लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में कुछ पुलिसकर्मी जबरन उगाही करते रहे हैं। खासतौर से ऑटो चलाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है।