कोरोना संक्रमित DMK विधायक जे अंबाजगन का निधन

नई दिल्ली । चीन के वूहान प्रान्त से पनपा कोरोना वायरस अब तक कई लोगो की जान ले चुका है। आये दिन इसके आंकड़ों में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। वहीं इसी बीच कोरोना संक्रमण की वजह से डीएमके विधायक की जान चली गई। डीएमके विधायक जे अंबाजगन (J Anbazhagan) का बुधवार सुबह निधन हो गया है। बता दें, अंबाजगन का निधन उस दिन हुआ है जिस दिन वह जन्में थे। आज उनका 62वां जन्मदिन था। वह 2 जून से अस्पताल में भर्ती थे। डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन ने अंबाजगन के निधन पर शोक व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

डॉ. रेला इंस्टीट्यूट एंड मेडिकल सेंटर ने बताया कि, ‘कोरोना वायरस के कारण जे अंबाजगन को निमोनिया हो गया था, उनकी स्थिति गंभीर थी और उनकी तबियत आज सुबह ज्यादा बिगड़ गई।’ अस्पताल ने बताया कि वेंटिलेटर पर रखे जाने सहित हर प्रकार की चिकित्सकीय सहायता के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

डीएमके अध्यक्ष ने लिखी इमोशनल पोस्ट :

वहीं डीएमके विधायक जे अंबाजगन के निधन के बाद डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन ने अपने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। एमके स्टालिन ने एक इमोशनल पोस्ट भी लिखी। स्टालिन ने उन्हें भाई कहते हुए संबोधित किया और उन्होंने कहा कि वह हमेशा लोगों की सेवा के लिए समर्पित थे। लोगों के लिए वह एक जलती हुई मशाल थे। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान अंबाजगन ने कड़ी मेहनत की। खास तौर पर महामारी के समय लोगों तक डीएमके के अभियानों को लेकर गए। दुर्भाग्यवश वह भी कोरोना संक्रमित हो गए।

डीएमके ने अपने कार्यक्रमों को किया स्थगित :

डीएमके ने जे अंबाजगन को सलाम किया और अपने सभी निर्धारित कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है। अंबाजगन किडनी संबंधी गंभीर बीमारी से पहले से ग्रसित थे। उन्हें 3 जून को वेंटिलेटर पर रखा गया था। उनके स्वास्थ्य में कुछ सुधार नजर आ रहा था, लेकिन सोमवार को उनकी तबियत काफी बिगड़ गई थी। वही मंगलवार को विधायक को सांस लेने में दिक्कत और जुकाम-बुखार की शिकायत के बाद उनका कोरोना टेस्ट किया गया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।