
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस की। अपनी इस प्रेस कांफ्रेंस में सीएम केजरीवाल ने कहा, मैं अपने दिल्ली के लोगों से सुझाव मांगना चाहता हूं कि 17 मई के बाद क्या दिल्ली में लॉकडाउन में ढील देनी चाहिए? कितनी ढील देनी चाहिए? आप मुझे अपने सुझाव ईमेल (delhicm.suggestions@gmail.com) के जरिए दे सकते हैं। इसी के साथ ही सीएम केजरीवाल ने सुझाव मांगने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है। सीएम केजरीवाल ने कहा है कि, लोग अपने सुझाव 8800007722 पर व्हाट्सएप कर भेज सकते हैं। वहीं अगर आप फोन पर बात कर अपना सुझाव देना चाहते है तो आप 1031 पर फ़ोन कर सकते हैं।
सीएम केजरीवाल ने जनता से ये भी पूछा है कि क्या ऑटो-टैक्सी चालू की जानी चाहिए. साथ ही क्या स्कूल खोलने चाहिए, मार्केट खुलने चाहिए, इंडस्ट्रियल एरिया खुलने चाहिए?
बता दें कि 17 मई को लॉकडाउन का तीसरा चरण खत्म हो रहा है। इससे पहले सोमवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 6 घंटे तक बैठक की। प्रधानमंत्री ने 15 मई तक सभी राज्यों से ब्लूप्रिंट मांगा है। अब केजरीवाल ने इसी संबंध में दिल्ली की जनता से सुझाव मांग लिया है। हालांकि इस दौरान केजरीवाल ने कहा कि यह कोई वोटिंग जैसी प्रक्रिया नहीं है। यह केवल सुझाव के तौर पर लिया जाएगा और इसे लेकर एक्सपर्ट्सकी सलाह भी ली जाएगी।