
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, सड़कों पर मजदूरों को देखकर लगता है कि सिस्टम फेल हो गया है। मेरा निवेदन है कि प्रवासी मजदूर दिल्ली छोड़कर ना जाएं। रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीएम केजरीवाल ने कहा, मेरा निवेदन है कि प्रवासी मजदूर दिल्ली छोड़कर ना जाएं। अगर मजदूर फंसे ही हैं और जाना चाहते हैं तो हम ट्रेन का इंतजाम कर रहे हैं। बिहार, मध्य प्रदेश ट्रेनें गई हैं, थोड़ा इंतजार और करें, लेकिन पैदल मत निकलें।
सीएम केजरीवाल ने कहा, कल हमने आदेश जारी कर कई सारे निजी अस्पतालों से एंबुलेंस मांगी हैं। एंबुलेंस निजी अस्पतालों में तो काम करेंगी हीं, लेकिन अगर उनको कोई फोन जाता है तो उनको सरकारी ड्यूटी भी करनी होगी। उम्मीद है कि इससे एंबुलेंस की दिक्कत अब खत्म होगी।
सीएम केजरीवाल ने बताया, दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या तकरीबन 7000 तक पहुंच गई है। इनमें से 1,500 मामले अस्पतालों में हैं। 75% के करीब मामलों में या तो कोरोना के लक्षण नहीं हैं या फिर हल्के लक्षण हैं। ऐसे लोगों को हमने घर पर आइसोलेट करने का इंतजाम किया है। सीएम सीएम केजरीवाल ने बताया, दिल्ली में जिन लोगों की मौत हुई है उनमें से 82% लोग 50 साल से अधिक उम्र के थे, बुजुर्गों की मौत ज्यादा हो रही है।