पुलवामा आतंकी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवानों के लिए कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने उत्तराखंड के रुड़की में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया था। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत भी मौजूद थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत के ऊपर नोटों की बारिश करते हुए देखा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। कई लोगों ने इस पर कमेंट करते हुए कहा है कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शोक सभा की गरिमा का भद्दा मजाक बनाया है।
इस मामले पर कांग्रेस नेता वीरेंद्र रावत का भी बयान आया है। उन्होंने कहा- पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए ये कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम 56 इंच का सीना रखने वाले शेर को जगाने के लिए एक प्रयास है। प्रधानमंत्री को दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए कोई कड़ा एक्शन लेना होगा।
#WATCH Congress party workers shower currency notes on Congress leader Virendra Rawat (Former Uttarakhand CM Harish Rawat's son), at tribute ceremony in Roorkee organised by the Party for the CRPF soldiers who lost their life in Pulwama terrorist attack. (22 Feb) pic.twitter.com/3NHn8aTCkB
— ANI (@ANI) February 23, 2019
आपको बता दें कि 14 फरवरी को कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ जवानों के काफिले में हुए आत्मघाती हमले में करीब 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। पिछले एक दशक में भारतीय जवानों में पर हुए अब तक की सबसे बड़ी आतंकी घटना को लेकर पूरे देशभर में आक्रोश है। देश का हर नागरिक पाकिस्तान से माकूल बदला लेने के लिए सरकार से अनुरोध कर रहा है।
आतंकी हमले के मद्देनजर ने सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए। हमले के 48 घंटे के भीतर ही पाकिस्तान से मोस्ट फेवर नेशन (MNF) का दर्जा वापस ले लिया गया इतना ही नहीं पाकिस्तान से निर्यात होने वाले सामानों पर कस्टम ड्यूटी 200 फीसदी बढ़ाकर पड़ोसी देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी है।