5000 महिलाओं ने खास संदेश के साथ नृत्य का बनाया रिकॉर्ड, वीडियो में देखें मनमोहक डांस

ऐसे में जबकि देशभर में लोकसभा चुनाव का लेकर सरगर्मियां तेज हैं, हिमाचल प्रदेश में करीब 5,000 महिलाओं में एक अनूठा रिकॉर्ड बनाया है। हिमाचल के कुल्‍लू में इतनी बड़ी संख्‍या में महिलाओं ने एक साथ लोक नृत्‍य किया, जो कई मायने में खास है। एक साथ इतनी बड़ी संख्‍या में पहली बार महिलाओं ने वोटर आईडी कार्ड अपने हाथ में लेकर नृत्‍य किया है, जिसने एक नया कीर्तिमान स्‍थापित किया है।

वोटर आईडी कार्ड्स के साथ महिलाओं का यह नृत्‍य इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में शामिल हुआ है, जिसका मकसद न केवल नया कीर्तिमान स्‍थापित करना, बल्कि लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करना भी था। ऐसे में जबकि देश में लोकसभा चुनाव की प्रक्रिया जारी है, जिसमें पांच चरणों का मतदान संपन्‍न हो चुका है और दो चरणों का मतदान शेष है, महिलाओं का लोकनृत्‍य के क्षेत्र में बनाया गया यह रिकॉर्ड बेहद अहम है।

कुल्‍लू में महिलाओं का यह लोकनृत्‍य इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में ‘वोटर कार्ड्स के साथ सबसे बड़े लोकनृत्‍य’ के रूप में दर्ज है, जिसमें सभी महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहन रखे थे। उन्‍होंने हिमाचल प्रदेश के लोकगीतों और धुनों पर मनमोहक नृत्‍य पेश किया, जिसका आयोजन कुल्‍लू के धालपुर ग्राउंड पर बुधवार को किया गया था। इस सबसे बड़े लोकनृत्‍य के जरिये उन्‍होंने लोकतंत्र में मतदान की अहमियत भी बताई।

यहां उल्‍लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में लोकसभा की चार सीटें – कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और शिमला हैं। प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों के लिए वोट आखिरी चरण के तहत 19 मई को वोट डाले जाएंगे। वर्ष 2014 के चुनाव में यहां से बीजेपी को बंपर जीत मिली थी। पार्टी ने सभी चार सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार जनता यहां किसके पक्ष में फैसला सुनाएगी, इसका पता 23 मई को ही पता चलेगा, जब चुनाव परिणाम आएगा।