गृह मंत्रालय का बड़ा फैसला, CAPF कैंटीन में अब दिखेंगे सिर्फ स्‍वदेशी प्रोडक्‍ट

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस महामारी के बीच जारी लॉकडाउन से उपजे हालात को अवसर में बदलने का मौका बताया है, साथ ही पीएम मोदी ने देशवासियों को आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी है। वहीं प्रधानमंत्री की इस पहल का असर भी अब दिखाई देने लगा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है।

बुधवार को गृह मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि सभी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) की कैंटीन में अब सिर्फ स्वदेशी उत्पाद ही बिकेंगे। देशभर की सभी कैंटीन पर यह आदेश 1 जून 2020 से लागू होगा। इस पहल से लगभग 10 लाख सीएपीएफ कर्मियों के 50 लाख परिजन स्वदेशी सामान का उपयोग करेंगे।

गृह मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि आप देश में बने उत्पादों को अधिक से अधिक उपयोग में लायें व अन्य लोगों को भी इसके प्रति प्रोत्साहित करें। गृह मंत्रालय ने कहा, हर भारतीय अगर भारत में बने उत्पादों (स्वदेशी) का उपयोग करने का संकल्प ले तो पांच वर्षों में देश का लोकतंत्र आत्मनिर्भर बन सकता है। आइए हम सब स्वदेशी उत्पादों का उपयोग कर आत्मनिर्भर भारत की इस यात्रा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करें।

गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर बताया कि, मैं देश की जनता से भी अपील करता हूं कि आप देश में बने उत्पादों को अधिक से अधिक उपयोग में लायें व अन्य लोगों को भी इसके प्रति प्रोत्साहित करें। हर भारतीय अगर भारत में बने उत्पादों (स्वदेशी) का उपयोग करने का संकल्प ले तो पांच वर्षों में देश का लोकतंत्र आत्मनिर्भर बन सकता है।