तूफान में भी चौराहे पर तनकर खड़ा रहा ट्रैफिक पुलिस का जवान, वायरल VIDEO ने दिलाई वाहवाही

देश और दुनिया में लोग अलग-अलग तरह के काम करते हैं और हर किसी का काम करने का अपना तरीका होता है। लोगों की काम करने की निष्ठा और समर्पण भी अलग अलग होते हैं। कुछ ऐसे कर्तव्यनिष्ठ लोग भी होते हैं जो दूसरों के लिए उदाहरण व प्रेरणा के स्रोत बनते हैं। हाल ही में एक ऐसा ही मामला सामने आया है जहां ट्रैफिक पुलिस से जुड़े एक पुलिस जवान ने बारिश में भी ड्यूटी करना जारी रखा।

यह वीडियो असम के गुवाहाटी का बताया जा रहा है जहां रविवार को बारिश और तूफान के बीच ट्रैफिक पुलिस का एक जवान चौराहे पर खड़े होकर ड्यूटी करते नजर आया। इनका नाम मिथुन दास बताया जा रहा है। वह वायरल हो रहे एक वीडियो में बिना रेन कोट पहने चौराहे पर खड़े नजर आ रहे हैं।

असम पुलिस ने ट्विटर पर इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, ‘काम के प्रति निष्ठा, हम ड्यूटी के प्रति मिथुन दास की आसाधारण लगन के लिए उन्हें सैल्यूट करते हैं। उन्होंने हमें दिखाया कि समर्पण के आगे तूफान मामूली बात है।’

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक मिथुन दास ने इस बारे में कहा, ‘मेरी ड्यूटी 7-12 बजे तक थी। तूफान दोपहर से लगभग 5 मिनट पहले शुरु हुआ लेकिन मेरी जगह लेने वाले कर्मचारी के पहुंचने तक लगभग 20 मिनट मैंने अपनी ड्यूटी जारी रखी।’