महाराष्ट्र के ठाणे से कांग्रेस-एनसीपी के लोकसभा उम्मीदवार आनंद परांजपे ने अपने बर्थडे को अनोखे तरीके से सेलिब्रेट किया। उन्होंने अपने जन्मदिन पर एक खास तरह का केक बनवाया जिस पर लिखा हुआ था ‘देश का चौकीदार ही चोर है’। बता दें कि विपक्ष लगातार पीएम नरेंद्र मोदी और बीजेपी के ऊपर हमलावर है।
जब से पीएम समेत बीजेपी के सभी नेताओं ने अपने नाम के पहले चौकीदार लगाया है तब से ही विपक्ष लगातार चौकीदार चोर है कहकर इन पर जुबानी हमले कर रही है। अब इस विपक्ष के नारे का अलग तरह से इस्तेमाल किया जा रहा है। इस केक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं
आपको बता दें कि महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। ठाणे लोकसभा सीट से कांग्रेस-एनसीपी उम्मीदवार आनंद परांजपे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के ऊपर लड़ाकू विमान राफेल डील को लेकर लगातार भ्रष्टाचार का आरोप लगाते रहे हैं।
अपने आप को देश का चौकीदार कहने वाले पीएम मोदी को पिछले काफी समय से कांग्रेस अध्यक्ष चौकीदार चोर है कहकर उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं। इसी क्रम में वे लगभग अपने हर चुनावी रैलियों में जनता के समक्ष भी चौकीदार चोर के नारे लगवाते रहते हैं।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में जनसंख्या की दृष्टि से सबसे बड़ा, लोकप्रिय और चर्चित लोकसभा सीट ठाणे पर दो दर्जन से भी ज्यादा उम्मीदवार हैं। कांग्रेस एनसीपी की तरफ से आनंद परांजपे चुनाव लड़ रहे हैं वहीं बीजेपी शिवसेना की तरफ से मौजूदा सांसद राजन विचारे उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे है।