2000 लग्जरी कारों के साथ समुद्र में समाया मालवाहक जहाज, अरबों का माल सागर की गहराई में डूबा

पिछले सप्ताह मंगलवार को एक 2000 लग्जरी कारों को ले जा रही एक इटैलियन मालवाहक जहाज अटलांटिक महासागर में समा गई। यह हादसा फ्रांस के तट से 150 माइल दूर अटलांटिक सागर के बीचोंबीच हुआ। जहाज जर्मनी के हम्बर्ग से  मोरक्को के कसाब्लांका की तरफ जा रहा था। लेकिन कसाब्लांका के करीब पहुंचने पर इसे जहाज को ब्राजील की तरफ जाने को कहा गया। इसी समय ये हादसा हो गया और अरबों की कीमत की लग्जरी कारों के साथ जहाज सागर की गहराई में समा गया।

जहाज 15,000 फीट समुद्र की गहराई में डूब गया। मालवाहक जहाज में पोर्श और ऑडी समेत कई लग्जरी कारें थी जिन्हें ब्राजील में उनके ग्राहकों को सप्लाई करने के लिए ले जाया जा रहा था। इनमें 37 लेटेस्ट मॉडल की पोर्श कारें थी जिनकी एक कार की कीमत 292,200 डॉलर (2 करोड़ से ऊपर) की बताई जाती है।

जहाज में लगभग 36 पोर्श कारें थी। जानकारी के मुताबिक जहाज में किसी कारणवश आग लग गई थी जिसके बाद जहाज समुद्र के बीचोंबीच गहराई में डूब गया। ब्रिटिश सैनिकों ने मौके पर पहुंचकर जहाज में सवार 27 क्रू सदस्यों को बचा लिया।

जर्मन पोर्श कंपनी ने बताया कि जहाज में सभी लेटेस्ट मॉडल की कारें थीं। इन कारों को खरीदने वाले ग्राहकों के लिए कंपनी ने कहा कि वे उनके लिए खास तौर से नए कार डिजाइन करेंगे और उन्हें सप्लाई करेंगे।

कंपनी ने लिखा कि हमें ये बताते हुए दुख हो रहा है कि 28,000 टन का मालवाहक जहाज जो आपके कारों को लेकर जा रहा था, 12 मार्च को समुद्र में डूब गया जिसके कारण आपको आपकी कारें समय पर डिलीवर नहीं की जा सकती है। लेकिन खासतौर से आपके लिए हम नई कारें डिजाइन करेंगे और अप्रैल महीने में आपको ये डिलीवर कर दी जाएगी।